
हाथरस 12 अप्रैल । थाना क्षेत्र के गाँव पचौ में पुरानी रंजिश के चलते तीन दबंगों ने एक महिला और उसके बेटे पर हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे की सरिया का इस्तेमाल किया, जिससे दोनों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। गाँव पचौ निवासी कुलदीप ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि शनिवार, 11 अप्रैल की सुबह करीब 9 बजे उसकी माता मोरवती पत्नी सुरेश घर से लकड़ी लेने गई थीं। इसी दौरान मोहल्ले के ही निवासी नागेंद्र, अप्पन और भल्लू ने उन्हें रोक लिया और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगे। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो तीनों आरोपियों ने उन पर लात-घूसों, लाठी-डंडों और लोहे की सरिया से हमला बोल दिया। चीख-पुकार सुनकर जब महिला का बेटा सोनू अपनी मां को बचाने के लिए दौड़ा, तो हमलावरों ने उसे भी नहीं बख्शा और सरिया से वार कर उसे भी घायल कर दिया। हमले में मां-बेटे दोनों के सिर में खुली चोट आई है और वे बुरी तरह घायल हुए हैं। कुलदीप का आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है और घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा है। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

























