सासनी 11 अप्रैल । क्षेत्र के गांव अजरोई में परिक्रमा मार्ग की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रहा है। वायरल पोस्ट में समाजवादी पार्टी के नेता राजकुमार द्वारा अवैध निर्माण किए जाने का दावा किया जा रहा है। सासनी एसडीएम नीरज शर्मा पर अवैध कब्जे का आरोप भी लगाया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट में यह भी दावा किया गया है कि उक्त भूमि के मामले में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा ‘स्टे’ (स्थगन आदेश) दिया गया है। इस पूरे प्रकरण को लेकर जब एसडीएम सासनी नीरज शर्मा से वार्ता की गई, तो उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। प्रथम दृष्टया गांव में दो पक्षों के बीच आपसी गुटबाजी और प्रतिद्वंद्विता सामने आ रही है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फिलहाल मौके पर पुलिस भेजकर निर्माण कार्य रुकवा दिया गया है। एसडीएम नीरज शर्मा ने स्पष्ट किया कि सुबह राजस्व विभाग की टीम को गांव अजरोई भेजा जाएगा। टीम जमीन की पैमाइश करेगी और वायरल वीडियो व उच्च न्यायालय के आदेशों की सत्यता की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।






















