Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 अप्रैल । कोतवाली सदर क्षेत्र की पुष्प विहार कॉलोनी में बीती रात बेखौफ बदमाशों ने दो बंद मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने एक किसान के घर और एक सरकारी शिक्षिका के आवास से नकदी व जेवरात पार कर दिए। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

ताला नहीं टूटा तो सरिया उखाड़कर घर में घुसे चोर

चोरी की पहली बड़ी वारदात नगला ओझा (चंदपा) निवासी सचिन पाठक के मकान में हुई। पेशे से किसान राजेश पाठक का परिवार अपने पैतृक गांव गया हुआ था, जिसका फायदा उठाते हुए बदमाशों ने सूने मकान पर धावा बोल दिया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले मुख्य द्वार का ताला तोड़ने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहने पर नीचे से लोहे की सरिया उखाड़कर अंदर प्रवेश कर गए। चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारियों के ताले तोड़कर 5 अंगूठी, एक मंगलसूत्र और अन्य कीमती जेवरात सहित 25,000 रुपये की नकदी चोरी कर ली। पीड़ित के अनुसार, करीब 3 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

शिक्षिका के घर को भी बनाया निशाना

सचिन पाठक के घर के बाद बदमाशों ने पास ही स्थित एक अन्य मकान का ताला चटकाया। इस मकान में एक सरकारी शिक्षिका किराए पर रहती हैं। सुबह जब आसपास के लोगों ने मकानों के ताले टूटे और सामान बिखरा देखा, तो कॉलोनी में हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

जल्द खुलासे का पुलिस ने दिया आश्वासन

घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली सदर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। स्थानीय निवासियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है और जल्द ही चोर गिरोह को पकड़ लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page