Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 11 अप्रैल । राजकीय महाविद्यालय कुरसंडा में शनिवार को चतुर्थ वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह 2025-26 संपन्न हुआ। इस दौरान छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक उपलब्धियों और सांस्कृतिक प्रतिभाओं का प्रदर्शन किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन तथा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) शशि कपूर, प्राचार्य एवं संयुक्त निदेशक, उच्च शिक्षा, प्रयागराज ने अपने संबोधन में छात्र-छात्राओं को परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही सफलता का मजबूत आधार है। विशिष्ट अतिथि प्रो. संजीव वार्ष्णेय क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, अलीगढ़ मंडल ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार और व्यक्तित्व विकास के महत्व के बारे में बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मृदुला गौतम ने की। उन्होंने अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए महाविद्यालय की उपलब्धियों पर जानकारी दी। समारोह का संयोजन और दिशा-निर्देशन डॉ. राधा शर्मा ने किया, जबकि संचालन डॉ. अनुराधा अग्रवाल ने किया। सत्र 2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कला संकाय में दीपक मालती स्वरूप, वाणिज्य संकाय में ऋतु रावत और विज्ञान संकाय में प्रार्थना को विशेष पुरस्कार दिए गए। वर्षभर आयोजित शिक्षणेत्तर गतिविधियों, खेलकूद और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे, जिनमें नृत्य और गीत जैसी प्रस्तुतियां शामिल थीं। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके बाद सभी विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया गया। कार्यक्रम की सफलता में महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का सक्रिय सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page