
सासनी 11 अप्रैल । कस्बे के ऐतिहासिक 80वें रथ महोत्सव मेले का शुभारंभ बृहस्पतिवार को अत्यंत भव्य और धार्मिक उल्लास के साथ हुआ। इस गौरवशाली आयोजन का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि फोकस ग्रुप के डायरेक्टर एवं प्रख्यात समाजसेवी डॉ. विकास शर्मा ने किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि रथ महोत्सव जैसे धार्मिक आयोजन हमारी सनातन परंपरा और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। ये मेले न केवल समाज को आस्था और भाईचारे की डोर में पिरोते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से भी परिचित कराते हैं। महोत्सव का प्रारंभ श्री राधा कृष्ण मंदिर में काली माता की पूजा-अर्चना के साथ हुआ, जिसका सफल संचालन पंडित शैलेश शास्त्री एवं अभिषेक शर्मा ने कराया। पूजन के उपरांत बैंड-बाजों और आकर्षक झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा मुख्य बाजार, विष्णुपुरी, आगरा-अलीगढ़ मार्ग, बस स्टैंड, गांधी चौक, पथवारी मंदिर और अयोध्या चौक सहित कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरी। समूचा कस्बा श्री कृष्ण के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से टिंकू शर्मा, अशोक शर्मा, देव किशन शर्मा, सुभाष चंद्र, प्रवेश, आशु शर्मा, प्रदीप उपाध्याय और देवेन्द्र उपाध्याय सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। देर शाम शोभायात्रा पुनः राधा कृष्ण मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।


























