
हाथरस 11 अप्रैल । विश्व होम्योपैथी दिवस के उपलक्ष्य में शहर के एक रेस्टोरेंट में विशाल होम्योपैथी सेमिनार का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जेसीआई हाथरस विक्ट्री के पदाधिकारियों और सदस्यों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की। सेमिनार में विभिन्न क्षेत्रों से आए होम्योपैथी विशेषज्ञों और डेलीगेट्स ने हिस्सा लेकर चिकित्सा पद्धति की बारीकियों पर चर्चा की। मंच से चिकित्सकों और विशेषज्ञों ने होम्योपैथी चिकित्सा की प्रक्रिया, इसकी वैज्ञानिकता और असाध्य रोगों में इसके प्रभावशाली परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विशेषज्ञों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान अत्यंत सराहनीय रहा, जिससे नई पीढ़ी के चिकित्सकों को मार्गदर्शन मिला। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. राजीव लोचन एवं उनकी धर्मपत्नी डॉ. जेसी मीता कौशल रहे। जेसीआई हाथरस विक्ट्री ने सफल आयोजन के लिए संयोजक टीम का आभार व्यक्त किया और इसे चिकित्सा जगत के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर जेसीआई के अनेक सदस्य और चिकित्सा जगत से जुड़ी हस्तियां मौजूद रहीं।


























