
हाथरस 11 अप्रैल । जनपद के सासनी-इगलास रोड और रुहेरी-रघनियां रोड पर संचालित टायर फैक्ट्रियों से होने वाले भीषण प्रदूषण को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अब प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिला अध्यक्ष विवेक उपाध्याय ने इन इकाइयों को ‘जहर उगलने वाली’ फैक्ट्रियां करार देते हुए चेतावनी दी है कि यदि इनके विरुद्ध तत्काल कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ मिलकर सड़कों पर उतरेगी। जिलाध्यक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इन फैक्ट्रियों में पुराने टायरों को जलाकर तेल निकालने का जो कार्य किया जा रहा है, उससे निकलने वाली कालिख और जहरीला कार्बन न केवल वायुमंडल को प्रदूषित कर रहा है, बल्कि आसपास की उपजाऊ फसलों और वनस्पतियों को भी भारी नुकसान पहुँचा रहा है।
विवेक उपाध्याय ने जनस्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदूषण के कारण क्षेत्र में दमा, फेफड़ों के संक्रमण और कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हैं, वहीं जहरीले वातावरण के कारण जीव-जंतु भी पलायन को मजबूर हैं। उन्होंने भाजपा सरकार और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर किसके संरक्षण में ये फैक्ट्रियां नियमों की धज्जियां उड़ा रही हैं? कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि इन फैक्ट्रियों के संचालन पर तुरंत प्रतिबंध लगाया जाए, संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो और प्रभावित गांवों में तत्काल स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की जांच की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते प्रशासन नहीं जागा, तो होने वाले उग्र जनआंदोलन और घेराव की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।


























