
हाथरस 10 अप्रैल । जनपद का सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र उत्तर प्रदेश के नए औद्योगिक केंद्र के रूप में उभरने को तैयार है। यहाँ 6250 करोड़ रुपये के बड़े निवेश के साथ नौ नामचीन कंपनियों को जमीन आवंटित करने की तैयारी प्रशासन ने तेज कर दी है। हाल ही में एक बड़ी कंपनी को 3250 करोड़ रुपये के निवेश के लिए भूमि आवंटित की जा चुकी है, जिसके बाद अब नौ अन्य कंपनियों की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (GBC) को भी अंतिम रूप दे दिया गया है। इन परियोजनाओं के लिए करीब 300 एकड़ भूमि चिह्नित की गई है, जहाँ जल्द ही औद्योगिक इकाइयों का निर्माण शुरू होगा।
उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) और जिला उद्योग केंद्र के संयुक्त प्रयासों से इस निवेश को धरातल पर उतारा जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, इन इकाइयों के शुरू होने से जिले में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 10 हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। इससे न केवल स्थानीय युवाओं को नौकरी के लिए अन्य शहरों की ओर होने वाले पलायन से मुक्ति मिलेगी, बल्कि क्षेत्र की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक (अलीगढ़) श्याम गोपाल ने बताया कि आवंटन की सभी औपचारिकताएं तेजी से पूरी की जा रही हैं। इस बड़े निवेश के बाद हाथरस को औद्योगिक मानचित्र पर एक नई और प्रभावशाली पहचान मिलना तय माना जा रहा है।


























