Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 26 मार्च । कस्बे में पिछले छह दिनों से विद्युत केबल फुंकने के कारण चरमराई पेयजल व्यवस्था को आखिरकार नगर पंचायत प्रशासन ने दुरुस्त कर दिया है। गुरुवार को नगर की मुख्य पेयजल टंकी की नई विद्युत केबल डलवाकर जलापूर्ति बहाल कर दी गई, जिससे चैत्रीय नवरात्रि के पावन पर्व पर पानी की किल्लत से जूझ रहे कस्बे के हजारों वाशिंदों ने राहत की सांस ली। नगर पंचायत कार्यालय परिसर स्थित मुख्य टंकी की केबल फुंकने से पूरा कस्बा बूंद-बूंद पानी के लिए मोहताज बना हुआ था। पेयजल टंकी के साथ-साथ वार्ड संख्या चार के मोहल्ला किला खेड़ा स्थित हनुमान बगीची के निकट पिछले छह दिनों से खराब पड़े हैंडपंप को भी ठीक करा दिया गया है। समाचार पत्रों और सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर जनता की समस्याओं के प्रमुखता से प्रसारित होने के बाद नगर पंचायत प्रशासन हरकत में आया। अधिशासी अधिकारी के निर्देश पर तत्काल मिस्त्री भेजकर हैंडपंप की रिपेयरिंग कराई गई। खास बात यह रही कि कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नगर पंचायत के कर्मचारी ने मौके पर पहुँचकर हैंडपंप से पानी आने की वीडियो और छायाचित्र भी रिकॉर्ड किए।

प्रशासन को भेजी गई रिपोर्ट

जलापूर्ति सुचारू होने के बाद नगर पंचायत कर्मियों ने मोहल्ले के निवासियों से हैंडपंप ठीक होने के संबंध में लिखित प्रार्थना पत्र पर हस्ताक्षर भी कराए। कर्मचारी ने गलियों में पेयजल टंकी से हो रही आपूर्ति के साक्ष्य (फोटो व वीडियो) संकलित कर उच्चाधिकारियों और प्रशासन को प्रेषित किए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि भीषण गर्मी और त्योहार के समय पानी की व्यवस्था बहाल होने से बड़ी राहत मिली है, हालांकि उन्होंने भविष्य में ऐसी तकनीकी खामियों को समय रहते दूर करने की मांग भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page