सिकंदराराऊ (हसायन) 26 मार्च । कस्बा के बाण अब्दुलहईपुर मार्ग स्थित मोहल्ला किशन के प्राचीन श्री बलभद्र दाऊ जी महाराज एवं रेवती मैया मंदिर परिसर में बुधवार की रात श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। श्री महाकाल युवा कमेटी के तत्वावधान में आयोजित दस दिवसीय चैत्रीय नवरात्र एवं नवसंवत्सर महोत्सव के अंतर्गत आयोजित विशाल देवी जागरण में पूरी रात श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर रहे। अखंड ज्योति प्रज्वलित कर शुरू हुए इस कार्यक्रम में भोर की पहली किरण तक माँ भवानी के भजनों की गूंज सुनाई दी।
जागरण का शुभारंभ ‘गणपति देवा जय गणपति देवा’ के साथ भगवान गणेश की मनमोहक झांकी से हुआ। इसके पश्चात कलियुग के साक्षात देव भगवान श्री हनुमान जी की झांकी के दर्शन कर श्रोता भाव-विभोर हो गए। कलाकारों ने ‘मेरे तन में भी राम, मेरे मन में भी राम’ और ‘चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है’ जैसे कालजयी भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर पाण्डाल में मौजूद भक्त झूमने को मजबूर हो गए। ‘अम्बे रानी का चोला है रंगला’ और ‘घनन-घनन घंटा बाजे’ जैसे भेंटों ने संपूर्ण वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। गुरुवार की सुबह तारों की छांव में महामाई तारा रानी की अमर कथा सुनाई गई, जिसे भक्तों ने मंत्रमुग्ध होकर सुना। इसके उपरांत माँ भवानी की भव्य आरती उतारी गई और उपस्थित श्रद्धालुओं को चना-हलुआ का प्रसाद वितरित किया गया। इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में कौशल शर्मा, मुकुल शर्मा, कृष्णा चौहान उर्फ लाला, चारुल सिंह, भूरा और कान्हा सहित श्री महाकाल युवा कमेटी के सभी पदाधिकारियों का सराहनीय सहयोग रहा। समारोह में मुख्य रूप से श्याम मोहन शर्मा, जीवन, विकास, गरिमा शर्मा, शिल्पी शर्मा, चाहत पचौरी, मनोज गुप्ता, संजय स्वर्णकार, सातिल सिंह, अमित भारद्वाज, शेखर गुप्ता, ललित कुमार शर्मा और शिवम सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालु मौजूद रहे।

























