
हाथरस 26 मार्च । मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) में बढ़ते अंतरराष्ट्रीय तनाव का सीधा असर अब आम आदमी की जेब पर पड़ने लगा है। एलपीजी की किल्लत के बीच देश की बड़ी निजी ईंधन रिटेलर कंपनी ‘नायरा एनर्जी’ ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर महंगाई का बड़ा झटका दिया है। हाथरस स्थित कंपनी के पेट्रोल पंपों पर नई दरें लागू कर दी गई हैं, जिसके तहत पेट्रोल के दाम में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया है। ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के साथ-साथ तेल कंपनियों ने पंपों पर होने वाली सप्लाई में भी बड़ी कटौती की है। पहले जहां पंप मालिकों की मांग और रिजर्व क्षमता के अनुसार तेल भेजा जाता था, वहीं अब केवल रोजाना की औसत बिक्री के अनुपात में ही सप्लाई दी जा रही है। इसका सबसे बुरा असर ग्रामीण और देहात क्षेत्रों के पंपों पर देखने को मिल रहा है, जहां तेल की उपलब्धता कम होने से वाहन स्वामियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंप मालिकों का कहना है कि स्टॉक की कमी नहीं है, लेकिन उपभोक्ताओं में डर की वजह से ‘पैनिक बाइंग’ (जरूरत से ज्यादा खरीद) बढ़ गई है, जिससे संकट जैसी स्थिति पैदा हो रही है।
आज की नई दरें (नायरा एनर्जी हाथरस)
-
सादा पेट्रोल: 99.82 रुपये प्रति लीटर (पहले 94.82 रुपये)
-
डीजल: 90.63 रुपये प्रति लीटर (पहले 87.63 रुपये)
आज की नई दरें (सरकारी पम्प हाथरस)
-
सादा पेट्रोल : 94.62 रुपये प्रति लीटर
-
डीजल : 87.69 रुपये प्रति लीटर
हालांकि, राहत की बात यह है कि फिलहाल सरकारी कंपनियों के सादा पेट्रोल के दाम स्थिर हैं।

























