सिकंदराराऊ (हसायन) 09 अप्रैल । विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत छीतूपुर हरीनगर क्लस्टर के अंतर्गत श्री राधारानी प्रेरणा संकुल संघ द्वारा गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अनुज मिश्र के निर्देशन में यह बैठक ग्राम पंचायत ढढ़ौली के माजरा गांव रामपुर नगला बंजारा में ‘दुर्गा महिला ग्राम संगठन’ के तत्वावधान में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता कर रही सीएलएफ (संकुल स्तरीय समिति) की बुक कीपर एवं एकाउंटेंट कमलेश देवी ने उपस्थित महिलाओं को शासन की प्राथमिकताओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि सरकार की मंशा के अनुरूप अब सभी पात्र गृहस्थी एवं अंत्योदय कार्ड धारक महिलाओं को अनिवार्य रूप से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत संचालित स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जा रहा है, ताकि उन्हें समस्त सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके।
कैडर भर्ती के लिए प्राप्त किए गए आवेदन
महिला सशक्तिकरण और ‘लखपति दीदी’ योजना के तहत क्षेत्र के 25,220 परिवारों को आर्थिक उन्नति से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में कृषि आजीविका सखी, स्वास्थ्य सखी, बैंक सखी, समूह सखी और विद्युत सखी जैसे विभिन्न कैडरों की भर्ती प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इस दौरान ग्राम संगठन के माध्यम से चयन हेतु 5 प्रार्थना पत्र भी प्राप्त किए गए। इन चयनित महिलाओं को उचित प्रशिक्षण प्रदान करने के बाद मानदेय पर नियुक्त किया जाएगा। बैठक में 8 अलग-अलग समूहों से आई लगभग 80 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर सीएलएफ सचिव सीमा देवी, ग्राम संगठन की अध्यक्ष रानी देवी, सचिव गायत्री कुमारी और कोषाध्यक्ष पूजा देवी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। इनके अलावा बबली, पुष्पा देवी, गीता देवी, कुंती, विमला, इन्द्रवती, भागवती, सरोज, प्रीती, रेखा, ऊषा और बबली देवी सहित स्वयं सहायता समूह की अनेक सदस्य मौजूद रहीं।























