
हाथरस 09 अप्रैल । आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर आज एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के अंतर्गत गांव रुहेरी के निकट चौपाल सागर के पास एक सीमेंट से भरे डंपर ने पिकअप वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और पास ही स्थित एक टी-स्टॉल भी इसकी चपेट में आकर पूरी तरह तहस-नहस हो गया। टक्कर लगने के बाद पिकअप वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया, जिसमें चालक काफी देर तक अंदर ही फंसा रहा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत और कड़ी मेहनत के बाद कटर की मदद से गाड़ी को काटकर चालक को बाहर निकाला जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डंपर चालक की घोर लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई। गनीमत रही कि टी-स्टॉल संचालक की जान बाल-बाल बच गई। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद सीमेंट से लदे डंपर को छोड़कर उसका चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।


























