
नई दिल्ली 24 मार्च । समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने उच्च सदन में बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से नवाजने की पुरजोर मांग की है। श्री सुमन ने सदन को अवगत कराया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव भी सार्वजनिक मंचों से कई बार यह मांग उठा चुके हैं। अपने संबोधन में उन्होंने कांशीराम के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि 1956 में बाबा साहब डॉ. अंबेडकर के महापरिनिर्वाण के बाद जब रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया बिखर गई थी, तब कांशीराम ने सरकारी सेवा का त्याग कर पूरे देश में बाबा साहब के विचारों की अलख जगाई।
सांसद रामजीलाल सुमन ने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा कि डॉ. लोहिया भी चाहते थे कि अंबेडकरवादी और समाजवादी आंदोलन मिलकर काम करें। उन्होंने बामसेफ और डीएस-4 की स्थापना का जिक्र करते हुए कहा कि कांशीराम ने उपेक्षित वर्गों में सम्मान की भूख पैदा की और उन्हें समझाया कि हर समस्या का समाधान ‘सत्ता पर कब्जा’ करना है। उन्होंने याद दिलाया कि 1991 में नेताजी मुलायम सिंह यादव ने अपने गृह जनपद इटावा से उन्हें संसद भेजने में अहम भूमिका निभाई थी। सुमन ने जोर देकर कहा कि व्यक्ति की गरिमा पद से नहीं, उसके कर्म से होती है और समाज को बदलने में कांशीराम का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।


























