
सासनी 23 मार्च । कोतवाली सासनी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बरसे में सोमवार को एक युवक को सरेराह गोली मार दी गई। इस जानलेवा हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में आगरा रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार, रामवीर सिंह का पुत्र रंजीत गांव की ही एक दुकान पर बैठा था। इसी दौरान अज्ञात कारणों से उसे गोली मार दी गई। गोली लगते ही रंजीत लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली की आवाज सुनकर आस-पास के लोग और परिजन मौके पर दौड़े। आनन-फानन में घायल को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर आगरा रेफर कर दिया।
होश में आने पर घायल रंजीत ने पुलिस को दिए शुरुआती बयान में बताया कि उसे पिस्टल से गोली मारी गई है। उसने एक युवक को नामजद करते हुए उस पर गोली चलाने का सीधा आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई थी। पीड़ित के बयान के आधार पर दबिश देकर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। हैरानी की बात यह है कि घायल के परिजनों ने किसी भी पुरानी रंजिश या दुश्मनी की जानकारी होने से इनकार किया है। अचानक हुए इस हमले से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस अब इस बिंदु पर जांच कर रही है कि हमलावर और रंजीत के बीच तात्कालिक विवाद हुआ था या इसके पीछे कोई छिपा हुआ कारण है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है।


























