
हाथरस 23 मार्च । पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में जिले भर में जुआ और सट्टे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना चंदपा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर हार-जीत की बाजी लगा रहे एक जुआरी को गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक श्याम सिंह के नेतृत्व में थाना चंदपा पुलिस टीम ने सोमवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर अल्लैहपुर से सहपऊ जाने वाले बम्बे के पास छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने जुआ खेल रहे सादिक अली पुत्र इसाक अली (निवासी ग्राम अल्लेहपुर) को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 1,340 रुपये नकद और ताश की एक गड्डी बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध थाना चंदपा पर मु.अ.सं. 77/2026 के तहत धारा 13 जुआ अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया है। पुलिस द्वारा अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक श्याम सिंह मय फोर्स शामिल रहे। उच्चाधिकारियों ने टीम की इस मुस्तैदी की सराहना की है।


























