
हाथरस 06 अप्रैल । जनपद के हजारों वाहन स्वामियों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें अपने कमर्शियल व अन्य वाहनों की फिटनेस जांच कराने के लिए टूंडला, एटा या अन्य पड़ोसी जिलों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। मथुरा रोड पर तैयार किए गए जिले के पहले निजी वाहन फिटनेस सेंटर के संचालन को शासन की ओर से अंतिम स्वीकृति मिल गई है। इसी माह अप्रैल में इसके विधिवत शुरू होने की पूरी संभावना है।
अत्याधुनिक मशीनों से होगी ‘सटीक’ जांच
इस नए फिटनेस सेंटर की सबसे बड़ी विशेषता यहां स्थापित अत्याधुनिक मशीनें हैं। सेंटर के संचालक राम कुमार वर्मा ने बताया कि यहां वाहनों के ब्रेक, सस्पेंशन, लाइट और प्रदूषण स्तर सहित सभी तकनीकी मानकों की जांच कंप्यूटरीकृत मशीनों के माध्यम से की जाएगी। इससे मानवीय त्रुटि की गुंजाइश खत्म होगी और वाहनों की फिटनेस रिपोर्ट पूरी तरह सटीक और पारदर्शी होगी।
समय और धन की होगी बचत
अब तक हाथरस के वाहन मालिकों को फिटनेस के लिए दूसरे जनपदों में जाना पड़ता था, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होते थे। जिले में ही यह सुविधा मिलने से न केवल वाहन चालकों को मानसिक शांति मिलेगी, बल्कि स्थानीय परिवहन व्यवस्था भी अधिक सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनेगी।
15 से 20 अप्रैल के बीच शुरू होगा संचालन
संभागीय परिवहन विभाग के आरआई राहुल शर्मा ने इस कदम को जनपद के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय वाहन मालिकों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। सेंटर संचालक के अनुसार, सभी कागजी और तकनीकी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं और 15 से 20 अप्रैल के बीच इसका संचालन शुरू कर दिया जाएगा।






















