
हाथरस 05 अप्रैल । सासनी बिजलीघर क्षेत्र के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एनीमिया (खून की कमी) से जूझ रहे ढाई महीने के मासूम गर्वित ने शनिवार की रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही जिला अस्पताल परिसर परिजनों की चीख-पुकार से दहल उठा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सासनी बिजलीघर के निकट निवासी दिवनेश का ढाई वर्षीय पुत्र गर्वित पिछले करीब 25 दिनों से बीमार चल रहा था। चिकित्सकों ने उसमें एनीमिया की पुष्टि की थी, जिसके बाद से एक निजी अस्पताल में उसका लगातार उपचार कराया जा रहा था। परिजनों ने मासूम की जान बचाने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा दिया था, लेकिन शनिवार की रात अचानक उसकी हालत और अधिक बिगड़ गई। परिजनों ने स्थिति नाजुक देख आनन-फानन में गर्वित को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुँचाया। वहाँ मौजूद चिकित्सकों ने गहन परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनते ही पिता दिवनेश और अन्य परिजनों के होश उड़ गए। अस्पताल के गलियारे में मां का रो-रोकर बुरा हाल था। बदहवास परिजन बिना किसी कानूनी कार्यवाही के मासूम का शव लेकर अपने घर रवाना हो गए। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।






















