Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 05 अप्रैल । शहर में आरटीआई एक्टिविस्ट अनुराग ज्योति की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। अनुराग के बचपन के दोस्त की तहरीर पर पुलिस ने एक अधिवक्ता के खिलाफ हत्या का अभियोग पंजीकृत किया है। आरोपी अधिवक्ता वर्तमान में पुलिस हिरासत में है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। अलीगढ़ रोड लेबर कॉलोनी निवासी दिनेश चंद्र श्रोती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि अनुराग ज्योति उनके बचपन के मित्र थे। पारिवारिक विवाद के चलते अनुराग काफी समय से अलीगढ़ रोड स्थित शेल्टर होम में रह रहे थे। आरोप है कि शुक्रवार की रात अधिवक्ता तरुण शर्मा उन्हें शेल्टर होम से बुलाकर अपने घर ले गए। वहां दोनों ने साथ बैठकर शराब पी, जिसके बाद किसी बात को लेकर उनमें विवाद हो गया। आरोप है कि तैश में आकर तरुण शर्मा ने डंडे और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर अनुराग ज्योति की बेरहमी से हत्या कर दी। शनिवार की सुबह तरुण शर्मा के मकान में अनुराग का शव लहूलुहान हालत में मिला।

दिनेश चंद्र श्रोती की शिकायत पर हाथरस पुलिस ने आरोपी अधिवक्ता तरुण शर्मा के खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और वारदात में इस्तेमाल किए गए डंडे व रॉड की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। सीओ सदर योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि हत्या के इस मामले में पुलिस ने प्राप्त शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मुख्य आरोपी पुलिस की हिरासत में है और विधिक कार्यवाही की जा रही है। आरटीआई एक्टिविस्ट की हत्या से शहर के सामाजिक और अधिवक्ता गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page