
हाथरस 05 अप्रैल । थाना हाथरस जंक्शन के गांव जाफराबाद में अवैध रूप से काटे गए 12 यूकेलिप्टस के पेड़ों के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि गांव जाफराबाद में कुछ हरे यूकेलिप्टस के पेड़ों का कटान किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। जांच में पाया गया कि मुकेश चौहान के खेत में 12 यूकेलिप्टस के पेड़ों का अवैध कटान किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपितों ने बिना विभागीय अनुमति प्राप्त किए पेड़ों का कटान किया है, जो कि वृक्ष संरक्षण अधिनियम का उल्लघन है। वीट अधिकारी राजकुमार सारस्वत ने बताया कि आरोपितों ने अवैध रूप से पेड़ों का कटान किया है, जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि आरोपितों के कब्जे से काटे गए पेड़ों के ठूंठ बरामद किए गए हैं। पकड़े गए मुकेश चौहान और भूरा को जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।






















