Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 05 अप्रैल । कस्बा व देहात क्षेत्रों में पिछले चार दिनों से मौसम के मिजाज में आ रहे लगातार बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। रविवार को मौसम ने एक बार फिर करवट ली और दोपहर बाद करीब तीन बजे तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश और ओलावृष्टि शुरू हो गई। पुरदिलनगर मार्ग स्थित गांव कटाई सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में भारी ओलावृष्टि के कारण सड़कों, खेतों और गलियों में ओलों की सफेद चादर बिछ गई, जिसे देख किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें गहरी हो गईं। मौसम वैज्ञानिकों द्वारा पहले ही मौसम में बदलाव की चेतावनी दी गई थी, लेकिन रविवार को हुई ओलावृष्टि ने रही-सही कसर भी पूरी कर दी। खेतों में खड़ी और कटकर पड़ी गेहूं व सरसों की फसलें पूरी तरह भीग गई हैं। तेज आंधी और बारिश के कारण कटी हुई फसलें खेतों में ही तैरने लगीं, जिससे दाना काला पड़ने और फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है। किसानों का कहना है कि साल भर की मेहनत पर कुदरत ने पानी फेर दिया है। देहात क्षेत्र में ओलावृष्टि का मंजर इतना भयानक था कि गांव कटाई और आसपास के क्षेत्रों में सड़कों पर ओले ही ओले दिखाई दे रहे थे। अचानक हुए इस परिवर्तन से तापमान में तो गिरावट आई, लेकिन किसानों के लिए यह आफत बनकर बरसा। किसानों ने बताया कि आंधी और ओलों की वजह से सरसों की फलियां टूटकर गिर गई हैं और गेहूं की बालियों को भी भारी नुकसान पहुँचा है। फिलहाल, मौसम के इस बदले मिजाज से समूचे क्षेत्र का अन्नदाता बेबस और परेशान दिखाई दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page