सिकंदराराऊ (हसायन) 05 अप्रैल । विकासखंड क्षेत्र के गांव खुशालगढ़ (श्रीनगर) की बेटी कुं. गुंजन के पीसीएस-2024 परीक्षा में चयनित होकर ‘डिप्टी जेलर’ बनने के बाद पहली बार पैतृक गांव आगमन पर ऐतिहासिक स्वागत किया गया। रविवार को जब गुंजन हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंचीं, तो ग्रामीणों ने पलक-पावड़े बिछाकर उनका इस्तकबाल किया। गाड़ियों के लंबे काफिले और लाव-लश्कर के साथ उन्हें गांव लाया गया, जहाँ पूरा क्षेत्र अपनी लाडली के सम्मान में उमड़ पड़ा। श्रीनगर ग्राम पंचायत के लौंग श्री महाविद्यालय में आयोजित भव्य स्वागत समारोह से पूर्व गुंजन ने माता पथवारी मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने गुंजन और उनके माता-पिता (सहायक डाकपाल चंद्रपाल सिंह एवं सुमित्रा देवी) को पुष्पमाला, अंग वस्त्र और पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। जनसमूह को संबोधित करते हुए नवनियुक्त डिप्टी जेलर गुंजन ने अपनी सफलता का मंत्र साझा किया। उन्होंने कहा कि यदि युवा अपना लक्ष्य निर्धारित कर मन को एकाग्र रखते हुए तैयारी करें, तो शत-प्रतिशत सफलता प्राप्त की जा सकती है। बता दें कि गुंजन ने दिल्ली में रहकर तैयारी की और पीसीएस परीक्षा में 14वीं रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।
समारोह में क्षेत्रीय विधायक वीरेंद्र सिंह राणा के प्रतिनिधि, सुदेश राजपूत, प्रधान महेंद्रपाल सिंह, विनीत कुमार सेंगर, तेज प्रताप राना, अनुपम मदनावत और स्वर्णलता सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने गुंजन की उपलब्धि को क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम में निकुंज प्रकाश मदनावत, कमलेश कुमारी, धर्मराज सिंह, राहुल कुमार, सौरभ कुमार, देवेंद्र कुमार, पूर्व प्रधान वीरेंद्रपाल, पूर्व प्रधान विक्रम सिंह सेंगर, हेमंत कुमार सेंगर, गौरव सिसौदिया, सचिन कुमार जादौन, उपेन्द्र नायक (प्रधान नगला आल), दीपक उपाध्याय (पूर्व मंडलाध्यक्ष), सर्वेश शर्मा और दुष्यंत सिंह सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। पूरा गांव बेटी की इस कामयाबी पर जश्न में डूबा नजर आया।






















