
हाथरस 05 अप्रैल । शहर की हनुमान गली में शुक्रवार की रात शोरूम संचालक के साथ मारपीट और तोड़फोड़ की घटना से सनसनी फैल गई। शोरूम संचालक संजय कुमार जैन ने कोतवाली सदर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि रात करीब नौ बजे जब वह दुकान पर बैठे थे, तभी बाहर जुआ-सट्टा खेलने वालों की भीड़ ने उनके शोरूम ‘वंदना लाइट’ और ‘जैन एंटरप्राइजेस’ पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए व्यापारी के साथ मारपीट की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पीड़ित व्यापारी ने घटना के दौरान सोने की चेन और गल्ला लूटने का भी आरोप लगाया है। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लेकर उनका शांतिभंग (151) में चालान कर दिया। हालांकि, प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र राघव ने लूट के आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि मामला आपसी मारपीट और ईंट पत्थर चलाने का है, जिसमें शोरूम का शीशा टूटा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु आवश्यक कदम उठाए गए हैं।






















