
हाथरस 02 अप्रैल । कोतवाली चंदपा क्षेत्र के अंतर्गत अलीगढ़-ग्वालियर मार्ग पर गुरुवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अलीगढ़ से गत्ता लादकर ग्वालियर जा रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ों से जा टकराया। इस दुर्घटना में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। आज शाम करीब 4 बजे, एक कंटेनर अलीगढ़ से गत्ता भरकर ग्वालियर की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन संटीकरा मोड़ के पास पहुँचा, उसके ब्रेक अचानक फेल हो गए। अनियंत्रित कंटेनर सड़क पर लगी लोहे की सेफ्टी गार्ड को तोड़ते हुए नीचे खेत में जा घुसा और वहां खड़े दो पेड़ों से भीषण तरीके से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही चंदपा कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला और एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया। घायल चालक की पहचान 50 वर्षीय शमशाद (पुत्र मोहम्मद, निवासी मकसूदपुर, थाना कोतवाली, जिला अलीगढ़) के रूप में हुई है। जिला अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार चालक के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हुआ है। अत्यधिक चोट और गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।






















