Hamara Hathras

Latest News

हाथरस/इगलास 02 अप्रैल । जनपद अलीगढ़ के थाना इगलास क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव कैमाबली में गुरुवार को एक हृदयविदारक घटना घटी। खेत में काम कर रहे एक 55 वर्षीय किसान पर मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक हमला बोल दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल किसान की जिला अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। इस घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव कैमाबली निवासी मनोहर लाल (55 वर्ष) पुत्र हरीशंकर गुरुवार दोपहर अपने परिवार के साथ खेतों पर काम कर रहे थे। इसी दौरान खेत में स्थित एक पेड़ से मधुमक्खियों का झुंड अचानक उड़ गया और मनोहर लाल को घेर लिया। मधुमक्खियों ने उन पर इतनी बुरी तरह हमला किया कि वह वहीं गिरकर चीखने-चिल्लाने लगे। शोर सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े और किसी तरह मधुमक्खियों को भगाकर मनोहर लाल को उनके चंगुल से छुड़ाया। तब तक किसान बेहोश हो चुके थे।

परिजन आनन-फानन में उन्हें इगलास के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उन्हें तत्काल हाथरस जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल की इमरजेंसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद मनोहर लाल को मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल परिसर में परिजनों की चीख-पुकार मच गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव के बुजुर्ग किसान की इस आकस्मिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page