
हाथरस 01 अप्रैल । मुरसान गेट स्थित नया मिल कंपाउंड श्री बालाजी महाराज मन्दिर में मन्दिर के जीर्णोद्धार एवं हनुमान जन्मोत्सव (प्राकट्योत्सव) के उपलक्ष्य में आयोजित पांच दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों का समापन गुरुवार, 2 अप्रैल को भव्य कार्यक्रमों के साथ होगा। आज बुधवार को मन्दिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन-यज्ञ संपन्न हुआ, जिसमें भक्तों ने विश्व कल्याण की कामना के साथ आहुतियां दीं। शाम को कन्हैया प्रेम हाथरसी और श्री बांके बिहारी म्यूजिकल ग्रुप द्वारा मनमोहक संकीर्तन प्रस्तुत किया गया।
मन्दिर के सेवादारों ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य उत्सव गुरुवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम के अनुसार, शाम 6 बजे श्री बालाजी महाराज का दिव्य फूल बंगला सजाया जाएगा। इसके पश्चात सायं 6:30 बजे छप्पन भोग के दर्शन होंगे। रात्रि 7 बजे से प्रसादी वितरण और 7:30 बजे से छप्पन भोग का वितरण किया जाएगा। इस अवसर पर मन्दिर को विशेष रूप से सजाया गया है। आयोजन को सफल बनाने में चरण सेवक राहुल चौधरी (किराने वाले) और वरुण कटारिया सहित समस्त भक्तगण सक्रियता से जुटे हुए हैं। भक्तों से अपील की गई है कि वे इस भव्य आयोजन में सम्मिलित होकर श्री बालाजी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करें। गौरतलब है कि इस पांच दिवसीय महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विभिन्न संकीर्तन मंडलों द्वारा प्रभु भक्ति का गुणगान किया जा रहा है।


























