Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 01 अप्रैल । युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और शारीरिक दक्षता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुरसान क्षेत्र के ग्राम सुशावली में एक भव्य दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी प्रवीन कुमार पौनियां ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर ग्रामवासियों ने मुख्य अतिथि का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत कर अभिनंदन किया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए धावकों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे खेल मैदान का माहौल पूरे समय जोश और उत्साह से लबालब रहा।

कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए, जिसमें सासनी के रघु ने प्रथम स्थान प्राप्त कर ₹5,100 का नकद पुरस्कार जीता। वहीं, करील निवासी अभिषेक पौनियां द्वितीय स्थान पर रहे, जिन्हें ₹3,100 से सम्मानित किया गया और सोनई के हरिओम ने तृतीय स्थान हासिल कर ₹1,100 का पुरस्कार प्राप्त किया। इस मौके पर प्रवीन कुमार पौनियां ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं बल्कि अनुशासन और आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देते हैं। कार्यक्रम के दौरान युवा जिलाध्यक्ष महिपाल सिंह, विष्णु कुमार, अरविंद, अजय चौधरी, शैलू, प्रदीप चौधरी, वीनू चौधरी, गौरव सिंह और सुभाष फौजी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व खेल प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजकों ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page