Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 01 अप्रैल । विद्युत विभाग ने प्रीपेड उपभोक्ताओं के लिए एक बेहद सुविधाजनक और राहत भरी व्यवस्था लागू की है। अब जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन प्रीपेड में बदल दिए गए हैं, उन्हें अपने पुराने बकाये (एरियर) को एकमुश्त जमा करने की अनिवार्यता नहीं होगी। अधीक्षण अभियंता अजीत कुमार सिंह और अधिशासी अभियंता संदीप कुमार ने जानकारी दी कि अब बकाया राशि उपभोक्ता के हर रिचार्ज से धीरे-धीरे स्वतः ही समायोजित होती रहेगी। इस नई व्यवस्था के तहत, रिचार्ज राशि का 10 से 25 प्रतिशत हिस्सा बकाये के आधार पर कटेगा। उदाहरण के तौर पर, 10 हजार तक के बकाये पर रिचार्ज का 10% और 20 हजार से अधिक के बकाये पर 25% हिस्सा एरियर में जमा होगा, जबकि शेष राशि से उपभोक्ता बिजली का उपयोग कर सकेंगे।

विद्युत विभाग की इस पहल से उपभोक्ताओं पर एकमुश्त भुगतान का आर्थिक दबाव खत्म होगा। इसके साथ ही प्रीपेड उपभोक्ताओं को कई अन्य विशेष लाभ भी दिए जा रहे हैं। अब ऑनलाइन रिचार्ज करने पर उपभोक्ताओं को 2 प्रतिशत की सीधी छूट मिलेगी। साथ ही, शाम 6 बजे से रात 8 बजे के बीच ‘हैप्पी आवर्स’ और सार्वजनिक अवकाश के दिनों में बैलेंस खत्म होने या माइनस में जाने पर भी बिजली आपूर्ति बाधित नहीं की जाएगी। यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप के जरिए उपभोक्ता हर घंटे का रियल-टाइम डेटा देख सकेंगे और बैलेंस कम होने पर मोबाइल पर अलर्ट भी प्राप्त करेंगे। विभाग की यह डिजिटल पहल जहां बकाया वसूली को आसान बनाएगी, वहीं उपभोक्ताओं को बेहतर और पारदर्शी सुविधा प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page