Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 01 अप्रैल । परिषदीय विद्यालयों में नवीन शैक्षिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ बुधवार को उत्साह और पारंपरिक स्वागत के साथ हुआ। स्कूल पहुंचे विद्यार्थियों का शिक्षकों ने रोली-टीका लगाकर अभिनंदन किया, जिससे विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल बन गया। गांधी पार्क के सामने स्थित बीआरसी प्रांगण के संविलियन विद्यालय द्वितीय में प्रधानाचार्य जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर शिक्षण कार्य विधिवत शुरू कराया। विद्यालय परिसर को बच्चों के स्वागत के लिए आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इसी क्रम में नगर के संविलियन विद्यालय प्रथम, संविलियन विद्यालय तृतीय, वार्ड नंबर-3 और वार्ड नंबर-5 के विद्यालयों में भी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। शिक्षकों ने बच्चों को नियमित उपस्थिति और बेहतर अध्ययन के लिए प्रेरित किया। अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वागत से बच्चों में स्कूल के प्रति अपनापन बढ़ता है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य जितेंद्र सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह 8:30 बजे बीआरसी प्रांगण से ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली निकाली जाएगी। इसे एसडीएम मनीष चौधरी और नगर पंचायत अध्यक्ष हेमलता अग्रवाल हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी और लोगों को परिषदीय विद्यालयों में बच्चों का नामांकन कराने के लिए जागरूक करेगी। सिंह ने यह भी बताया कि नए छात्र-छात्राओं का फूलमाला पहनाकर और टीका लगाकर विशेष स्वागत किया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों की प्रस्तुतियों के बीच वार्षिक उत्सव कार्यक्रम का भी आयोजन होगा, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वागत गीत और शिक्षा से जुड़ी प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page