सिकंदराराऊ (हसायन) 01 अप्रैल । कस्बा के मोहल्ला किला खेड़ा स्थित प्राचीन श्री हनुमान जी महाराज की बगीची पर अंजनी पुत्र के प्राकट्योत्सव के उपलक्ष्य में 2 अप्रैल, गुरुवार को भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। श्री बालाजी हनुमान सेवा समिति के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि जन्मोत्सव के पावन अवसर पर मंदिर में भव्य फूल बंगला सजाया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 6 बजे प्रभात फेरी और शोभायात्रा के साथ होगा, जिसमें वृंदावन के ‘राधे-राधे जय श्रीकृष्ण संकीर्तन मंडल’ द्वारा मनमोहक झांकियों के साथ नगर भ्रमण किया जाएगा।
शाम को प्रसादी वितरण के पश्चात रात्रि 7 बजे से विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें सुप्रसिद्ध भजन सम्राट दीपा दीदी द्वारा प्रभु भक्ति का गुणगान किया जाएगा। क्षेत्र में पहली बार दीपा दीदी का कार्यक्रम होने के कारण श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना है, जिसे देखते हुए आयोजन समिति द्वारा पंडाल और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। तैयारियों में समिति के विनय कुमार अग्रवाल, मुकुल भारद्वाज, मनोज कुमार गुप्ता, जगत भारद्वाज, विष्णु वार्ष्णेय और संजय कुमार वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी सक्रियता से जुटे हुए हैं।


























