
हाथरस 22 मार्च । हाथरस के नयाबांस क्षेत्र में स्थित हाथरसी मैया मंदिर के पास खुदाई के दौरान एक शिवलिंग मिलने का दावा किया गया है। स्थानीय युवक अभिषेक ने बताया कि उन्हें पिछले ढाई से तीन महीने से भगवान भोलेनाथ के सपने आ रहे थे, जिसके बाद उन्होंने यह खुदाई शुरू कराई। अभिषेक ने रविवार को गांव के कुछ युवकों के साथ मिलकर मौके पर खुदाई शुरू की। कुछ ही देर में जमीन के भीतर से शिवलिंग निकलने का दावा किया गया। इस खबर के फैलते ही क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से पूरा इलाका गूंज उठा। शिवलिंग मिलने के दावे के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर पहुंचने लगे। उन्होंने शिवलिंग पर पूजा-अर्चना शुरू कर दी है और चढ़ावा भी चढ़ाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस स्थान को एक धार्मिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा और यहां मंदिर निर्माण की योजना है। इस मामले पर एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह ने बताया कि जिस स्थान पर शिवलिंग निकलने का दावा किया जा रहा है, उस भूमि का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उन्होंने तहसीलदार और कानूनगो से जांच कर रिपोर्ट मांगी है।


























