Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 31 मार्च । क्षेत्र में आवारा कुत्तों और बंदरों के बढ़ते हमलों के कारण स्थानीय लोग प्रभावित हो रहे हैं। इन हमलों के बाद सीएचसी में एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने वालों की संख्या में वृद्धि देखी गई है। सोमवार और मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग इंजेक्शन लगवाने पहुंचे।

सीएचसी के इंजेक्शन कक्ष के बाहर सुबह से ही मरीजों और उनके परिजनों की लंबी कतारें लगी रहीं। ये सभी लोग कुत्ते या बंदर के काटने अथवा झपट्टा मारकर घायल होने के बाद उपचार के लिए अस्पताल आए थे। अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को 111 लोगों को एआरबी इंजेक्शन लगाए गए, जबकि मंगलवार को 84 लोगों को यह इंजेक्शन दिया गया। कुल दो दिनों में 195 लोगों को इंजेक्शन दिए गए। चिकित्सकों के अनुसार, नगर और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में आवारा कुत्तों के झुंड और बंदरों के हमले बढ़े हैं। इन हमलों में बच्चे स्कूल जाते समय और महिलाएं बाजार या घर के बाहर काम करते समय अक्सर शिकार हो रही हैं। बंदर छतों और गलियों में अचानक हमला कर रहे हैं, जबकि आवारा कुत्ते राहगीरों के पीछे दौड़ने की घटनाएं भी सामने आई हैं। सीएचसी पहुंचे मरीजों में कई छोटे बच्चे भी शामिल थे, जिन्हें उनके परिजन तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लाए थे। चिकित्सकों ने घाव की सफाई करने के बाद एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाए। उन्होंने मरीजों को आगे की खुराक समय पर लेने, घाव को साफ रखने और संक्रमण से बचने के निर्देश दिए।अस्पताल में बढ़ती भीड़ के कारण स्वास्थ्य कर्मियों को अतिरिक्त व्यवस्था करनी पड़ी। इंजेक्शन कक्ष में सुबह से दोपहर तक मरीजों की लगातार आवाजाही बनी रही, जिससे कई लोगों को अपनी बारी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page