
हाथरस 22 मार्च । सीबीएसई बोर्ड अपने विद्यालयों के शिक्षकों की शिक्षण की गुणवत्ता को सुधारने के लिए लगातार प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इसी के तहत सीबीएसई के दिल्ली स्थित उत्कृष्टता केंद्र द्वारा एक बड़े ही महत्वपूर्ण विषय पर शिक्षकों के प्रशिक्षण की कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें दिल्ली स्थित बी डी पब्लिक स्कूल में शिक्षा के बारे में अभिभावकों को शिक्षित करना विषय पर प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसके लिए हाथरस जिले के सुप्रसिद्ध शिक्षाविद विक्रम सिंह प्रधानाचार्य को रिसोर्स पर्सन के रूप में नियुक्त किया गया था। प्रिंसिपल विक्रम सिंह द्वारा बोर्ड के निर्धारित नियमों के अनुसार इस कार्यशाला में अति उत्तम ढंग से शिक्षकों को प्रशिक्षित किया। इस कार्यशाला का विषय अंग्रेजी में कंप्यूटर स्लाइड्स के द्वारा प्रस्तुत किया गया। विषय को रुचिकर बनाने के लिए बीच-बीच में ऑडियो तथा वीडियो क्लिप का भी प्रदर्शन किया गया। पूरे विषय को चार उपविषयों में बांट कर बड़े ही अच्छी तरह से समझाया गया, जिसमें भारत सरकार की सभी नई व पुरानी शिक्षा नीतियों के बारे में समझाया गया। खासकर राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के बारे में महत्वपूर्ण चर्चा की गई। उसके बाद मूल्यांकन की प्रक्रियाओं तथा उनके बदलाव के बारे में भी बताया गया। छात्र को पूरी तरह समझने के लिए कई प्रकार की विधियों के बारे में भी सुझाव दिए गए।
इसके साथ ही छात्रों को करियर काउंसलिंग के बारे में भी काफी कुछ समझाया गया। छात्रों को समझने के लिए अभिभावकों की जिम्मेदारियां के बारे में भी चर्चा की गई। सभी प्रतिभागियों ने आयोजित की गई गतिविधियों में बड़े ही सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यशाला के अंत में विक्रम सिंह द्वारा आशा व्यक्त की गई कि सीबीएसई के इस महत्वपूर्ण कदम को सार्थक बनाने के लिए अभिभावकों को भी आगे आना चाहिए जिससे विद्यार्थियों का मार्ग प्रशस्त हो सके। प्रशिक्षण कार्यशाला में दिल्ली के शिक्षकों के साथ-साथ हरियाणा राज्य के फरीदाबाद,पलवल जैसे प्रमुख* स्थानों के विद्यालयों के शिक्षक शिक्षिकाओं ने प्रतिभाग किया।

























