
हाथरस 22 मार्च । उत्तर प्रदेश सरकार के नव-निर्माण के सफल नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश व्यापी ‘सशक्त नारी-समृद्ध प्रदेश’ अभियान को गति देते हुए आज जनपद में ‘मिशन शक्ति फेज-5’ (द्वितीय चरण) का भव्य आगाज़ हुआ। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम से विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर पुलिस वाहन रैली को रवाना किया। इस वाहन रैली का मुख्य उद्देश्य जनपद की महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना है। रैली के माध्यम से नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलम्बन का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मिशन शक्ति के इस चरण में पुलिस और प्रशासन का लक्ष्य हर महिला तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और सुरक्षा उपायों की जानकारी पहुँचाना है।
महिलाओं को सशक्त बनाने का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह रैली केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आमजन में विश्वास पैदा करने का एक माध्यम है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें भयमुक्त वातावरण प्रदान करने के लिए जनपद स्तर पर विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम में यह रहे मौजूद
रैली के शुभारंभ के अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी (CDO), अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण मुख्य रूप से उपस्थित रहे। पुलिस बल की इस रैली ने शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए महिलाओं को सशक्तिकरण का अहसास कराया।

























