
हाथरस 21 मार्च । कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर अपनी बेटी के अपहरण का आरोप लगाया है। पीड़ित पिता के अनुसार, बीती 18 मार्च की रात गांव का ही एक नामजद युवक उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इस मामले में दो अन्य युवकों पर भी सहयोग करने का आरोप लगाया गया है। दी गई तहरीर में पीड़ित ने बताया कि उसकी बेटी घर में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण और करीब 10 हजार रुपये की नकदी भी अपने साथ ले गई है। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन युवती और आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला। घटना के बाद से परिवार गहरे सदमे में है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि युवती की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से युवती की लोकेशन का पता लगाने का प्रयास कर रही है।






















