Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 21 मार्च । जनपद में आज सुबह मौसम के एक नए और हैरान कर देने वाले रूप ने दस्तक दी। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद शनिवार की सुबह पूरा शहर घने कोहरे की सफेद चादर में लिपटा नजर आया। कोहरे का असर इतना जबरदस्त था कि सुबह के समय दृश्यता (विजिबिलिटी) घटकर मात्र 20 मीटर रह गई, जिसके चलते सड़कों पर वाहनों की रफ्तार पूरी तरह थम गई और चालकों को मजबूरी में दिन में ही हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, 6 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं ने वातावरण में सिहरन पैदा कर दी। अचानक हुए इस बदलाव के बावजूद ईद के त्योहार के उत्साह में कोई कमी नहीं देखी गई। घने कोहरे और कम दृश्यता के बीच भी बड़ी संख्या में अकीदतमंद ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने पहुंचे। तापमान की बात करें तो शनिवार को जिले का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को यह क्रमशः 14 और 23 डिग्री सेल्सियस मापा गया था। स्थानीय लोगों के लिए अप्रैल के करीब इस तरह का घना कोहरा चर्चा का विषय बना रहा। मौसम में आए इस उतार-चढ़ाव से जनजीवन तो प्रभावित हुआ, लेकिन त्योहार की रौनक बरकरार रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page