हाथरस 30 मार्च । शहर के सेंट मार्क्स चर्च परिसर में आज प्रभु यीशु मसीह के यरूशलेम में विजयी प्रवेश की पावन स्मृति में ‘पाम संडे’ (खजूर रविवार) का पर्व अत्यंत श्रद्धा और आध्यात्मिक गरिमा के साथ मनाया गया। पवित्र मिस्सा एवं मुख्य आराधना का संचालन रेवरेंड नाथेनियल दास द्वारा किया गया। अपने संदेश में रेवरेंड दास ने भजन संहिता 28 का संदर्भ देते हुए कहा कि प्रभु यीशु ने गधे के बच्चे पर सवार होकर दुनिया को विनम्रता और सादगी का अद्वितीय उदाहरण दिया। उन्होंने कलीसिया को प्रेरित करते हुए कहा कि वास्तविक महानता सत्ता में नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण में निहित है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संडे स्कूल के बच्चों द्वारा निकाली गई भव्य शोभायात्रा रही। बच्चों ने हाथों में खजूर की डालियां लेकर ‘होशन्ना’ के जयघोष किए, जिससे पूरा चर्च परिसर भक्तिमय हो उठा। इस दौरान गधे पर सवार प्रभु यीशु की सजीव झांकी ने बाइबल के ऐतिहासिक दृश्यों को जीवंत कर दिया। बच्चों ने लघु नाटक के माध्यम से प्रेम, करुणा और बलिदान के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। सामूहिक प्रार्थना सभा में उपस्थित विश्वासियों ने विश्व शांति, एकता और भाईचारे के लिए प्रार्थना की। अंत में चर्च प्रबंधन समिति और रेवरेंड नाथेनियल दास ने सभी नगरवासियों को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए अहंकार त्यागकर शांति के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।


























