
हाथरस 21 मार्च । श्री रामेश्वर दास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई प्रथम द्वारा ग्राम धन सिंह नगला स्थित जी.पी.एस. इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के छठे दिन शनिवार को विविध कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। दिन का शुभारंभ स्वयंसेविकाओं द्वारा परिसर की साफ-सफाई और कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ललितेश तिवारी द्वारा दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण के साथ किया गया। इस अवसर पर “मतदाता जागरूकता” विषय पर आयोजित स्लोगन प्रतियोगिता में 9 टीमों ने भाग लिया, जिसमें यलका और कुमकुम कुमारी ने प्रथम, भारती और ललितेश ने द्वितीय तथा अनु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि वैष्णवी और मीरा को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता के उपरांत निकाली गई जागरूकता रैली के माध्यम से छात्राओं ने ग्रामीणों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया। साथ ही, ‘अंतर्राष्ट्रीय वन दिवस’ के उपलक्ष्य में “सेव वाटर-सेव लाइफ” विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 6 टीमों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। इसमें कुमकुम शर्मा और अनुष्का शर्मा प्रथम, समीक्षा और प्रिया दुबे द्वितीय तथा खुशबू और काजल तृतीय स्थान पर रहीं, वहीं जानवी और अर्चना कुमारी को सांत्वना पुरस्कार मिला। कार्यक्रम के अंत में जल संरक्षण और पर्यावरण रक्षा का संकल्प लिया गया।


























