Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 मार्च । कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सुसाइन में दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने एक परिवार पर घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग और मारपीट की। घटना तब हुई जब परिवार के सदस्य दाह संस्कार से लौट रहे थे। पीड़ित रवि कुमार की तहरीर पर पुलिस ने गांव रसमई निवासी रिंकू उर्फ विनोद सहित आधा दर्जन से अधिक नामजद आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। तहरीर के अनुसार, सुसाइन निवासी रवि कुमार ने आरोप लगाया कि जब वे दाह संस्कार से लौट रहे थे, तभी गांव रसमई के रिंकू उर्फ विनोद, गजेंद्र, दुर्गेश, देवेश, रामेश्वर और नौनिहाल आदि ने उनके घर पर धावा बोल दिया। हमलावर लाठी-डंडों के साथ-साथ अवैध तमंचे और बंदूक से लैस थे। आरोपियों ने घर में मौजूद लोगों को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान रिंकू ने रवि कुमार को निशाना बनाते हुए बंदूक से कई फायर किए, जिससे वहां चीख-पुकार मच गई।

महिला समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल

इस खूनी संघर्ष में सोनू, चंदन सिंह, ओमवीर और बलवीरी देवी गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर जब बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुटने लगे, तो हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। आनन-फानन में सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सादाबाद ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए कुछ को जिला अस्पताल हाथरस रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके का मुआयना किया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस पूरी सतर्कता बरत रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page