सिकंदराराऊ (हसायन) 20 मार्च । कोतवाली क्षेत्र के जलेसर-सिकंदराराऊ मार्ग स्थित ग्राम जरेरा के माजरा सराय में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक का शव बाडी सराय राजवाहे की पटरी के नीचे एक आम के बाग में पड़ा मिला। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय प्रमोद पुत्र चोखेलाल गुरुवार को गांव में आयोजित दो दिवसीय मेला देखने गया था। परिजनों ने बताया कि वह रात में दोबारा मेला देखने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे जब ग्रामीण राजवाहे की पटरी से गुजरे, तो उन्होंने प्रमोद का शव एक वृक्ष के नीचे पड़ा देखा। खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और कोहराम मच गया।
पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
मृतक के भाई प्रेम सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि प्रमोद की गांव के ही तीन नामजद व्यक्तियों से पुरानी रंजिश चली आ रही थी, जिसका मुकदमा भी न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि इन्हीं तीनों ने अपने एक रिश्तेदार के साथ मिलकर प्रमोद की हत्या कर दी। प्रेम सिंह के अनुसार, प्रमोद के गले और चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं, जिससे गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद से ही नामजद आरोपी गांव से गायब बताए जा रहे हैं। मेहनत-मजदूरी कर परिवार पालने वाले प्रमोद की दो वर्ष पहले ही शादी हुई थी। वह अपने पीछे पत्नी रेखा और 11 माह की मासूम पुत्री को रोता-बिलखता छोड़ गया है। शाम को जैसे ही पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
क्या कहती है पुलिस?
कोतवाली प्रभारी गिरीश चन्द्र गौतम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिया गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है और तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

























