Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 20 मार्च । आज सुबह करीब 7 बजे मौसम ने अचानक करवट बदली। आसमान में घने बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई। दिनभर रुक-रुक कर हुई बरसात ने जनजीवन को प्रभावित किया, वहीं आलू और गेहूं किसानों की चिंता बढ़ा दी है। तेज हवाओं के कारण गेहूं की फसल खेतों में बिछ गई है। क्षेत्र में इन दिनों आलू की खुदाई का काम चल रहा है। जिन किसानों के आलू खुदाई के बाद खेतों में पड़े थे, वे बारिश शुरू होते ही फसल बचाने के लिए खेतों की ओर दौड़े। किसानों ने आलू को भीगने से बचाने के लिए प्लास्टिक और तिरपाल से ढकने का प्रयास किया। लगातार नमी और पानी के कारण फसल खराब होने का खतरा बना हुआ है। जिन किसानों के आलू की खुदाई अभी तक नहीं हो सकी है, उनकी चिंता और बढ़ गई है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को पूरे दिन बारिश की संभावना जताई है। खेतों में पानी भरने और मिट्टी गीली होने के कारण खुदाई का काम पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। ठंडी हवाओं के कारण गेहूं की फसल भी खेतों में बिछ गई है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। बारिश के साथ चल रही ठंडी हवाओं ने एक बार फिर सर्दी का अहसास कराया है। तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्म कपड़े निकालने पड़े। लगातार बारिश के कारण दिन में भी अंधेरा छाया रहा। सड़कों पर वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलना पड़ा, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई और आवागमन में भी दिक्कतें आईं। मौसम के इस अचानक बदलाव ने जहां लोगों की दिनचर्या को प्रभावित किया है, वहीं आलू और गेहूं किसानों के सामने फसल बचाने की बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page