
हाथरस 30 मार्च । मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ से आयोजित प्रदेश व्यापी कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के दौरान सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद को विकास की महत्वपूर्ण सौगातें मिलीं। विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राणा, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, सांसद प्रतिनिधि राजेश गुड्डू, जिलाधिकारी अतुल वत्स और मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री ने जनपद के 60 नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण और सिकंदराराऊ में बनने वाले बाल विकास परियोजना कार्यालय का शिलान्यास किया। इस अवसर पर जनपद में रिक्त 680 पदों के सापेक्ष प्रक्रिया पूर्ण करने वाली 478 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए, जिनमें से हसायन एवं सहपऊ ब्लॉक की 21 सहायिकाओं को जनप्रतिनिधियों ने सांकेतिक रूप से पत्र सौंपे। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन और ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस भी प्रदान की गईं। विधायक सादाबाद ने नवनियुक्त सहायिकाओं को बेहतर कार्य के लिए प्रेरित किया, वहीं विधायक सिकंदराराऊ ने कुपोषित बच्चों व महिलाओं के स्वास्थ्य सुधार हेतु समर्पित भाव से सेवा करने का आह्वान किया। अंत में जिलाधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए नवनियुक्त सहायिकाओं व विभागीय अधिकारियों को पूर्ण निष्ठा के साथ अपने दायित्वों के निर्वहन के निर्देश दिए।


























