
हाथरस 19 मार्च । तरफरा रोड स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर परिसर में गुरुवार से भव्य कलश यात्रा के साथ संगीतमय श्री राम कथा का शुभारंभ हुआ। श्रद्धा और उल्लास के बीच निकली इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु सिर पर मंगल कलश धारण कर भक्ति गीतों पर झूमती नजर आईं। शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कलश यात्रा वापस मंदिर परिसर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापित कर कथा का श्रीगणेश किया गया। कथा व्यास आचार्य शकुंतला शर्मा ने प्रथम दिन राम कथा की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब तक अष्ट सिद्धि और नव निधि के दाता श्री हनुमान जी की विशेष कृपा नहीं होती, तब तक किसी भी जीव को राम कथा श्रवण करने का सौभाग्य प्राप्त नहीं होता। उन्होंने भजनों के महत्व को बताते हुए कहा कि “भजन तो आत्मा का भोजन है”, जिससे मनुष्य के संचित पाप नष्ट हो जाते हैं और वह ईश्वर की ओर अग्रसर होता है। आयोजकों ने बताया कि इस ज्ञान यज्ञ का समापन आगामी 28 मार्च, शनिवार को होगा। इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में मुख्य रूप से डम्बर सिंह, दिगंबर सिंह, रिंकू कुशवाहा, अनिल और राहुल सहित समस्त क्षेत्रीय भक्तों का विशेष सहयोग रहा। पहले दिन की कथा में उमड़े जनसैलाब ने बड़े मनोयोग से प्रभु श्री राम के चरित्र का श्रवण किया।
























