
हाथरस 19 मार्च । थाना हाथरस गेट क्षेत्र के अंतर्गत मंडी नगला अलगर्जी मोड़ पर हुई सनसनीखेज वारदात के मामले में न्याय न मिलने पर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष पेश होकर कार्रवाई की मांग की है। मूल रूप से कोतवाली सादाबाद के गांव गुरुसौठी निवासी और वर्तमान में विष्णुपुरी (थाना हाथरस गेट) निवासी उदयवीर सिंह ने आरोप लगाया है कि उन पर चार अज्ञात युवकों ने जानलेवा हमला किया, लेकिन दस दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में पीड़ित उदयवीर सिंह ने बताया कि बीती 9 मार्च की रात वह रूहेरी से अपने घर लौट रहे थे। उसी समय मंडी नगला अलगर्जी मोड़ पर बाइक और स्कूटी सवार चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने लोहे की रॉड से उनकी कार का शीशा तोड़ दिया और दहशत फैलाने के उद्देश्य से तमंचे से फायरिंग भी की। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने घटना के दिन ही हाथरस गेट थाने में लिखित तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस द्वारा कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। 19 मार्च को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे पीड़ित ने अपनी सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधीक्षक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना प्रभारी को जांच कर उचित विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
























