Hamara Hathras

Latest News

​सासनी 19 मार्च । हिंदू नवसंवत्सर 2083 के पावन अवसर पर कस्बा सासनी में भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। अजीत नगर स्थित शिव मंदिर से ‘प्रभु श्री राम की छठी विशाल शोभायात्रा’ धूमधाम से निकाली गई। बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ों और प्रभु श्री राम के जीवन पर आधारित आकर्षक झांकियों ने समूचे कस्बे को राममय कर दिया। शोभायात्रा का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि संजय उपाध्याय, विष्णु शर्मा और कांता पचौरी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इससे पूर्व डॉ. जगतेन्द्र सेंगर ने प्रभु रामलला का विधि-विधान से पूजन अर्चन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विष्णु शर्मा उर्फ बंटी प्रधान ने की, जबकि संचालन व संयोजन आशुतोष पाठक द्वारा किया गया। शोभायात्रा अजीत नगर से शुरू होकर बच्चा पार्क, बस स्टैंड, हनुमान मंदिर, कमला बाजार, गांधी चौक, पथवारी मोहल्ला, चावड़ मोहल्ला, रेलवे रोड बजरिया और अयोध्या चौक से होते हुए रामलीला मार्ग और विष्णु पुरी मोहल्ला पहुंची। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय निवासियों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। समूचा मार्ग भगवा ध्वजों और फूलों से सजा नजर आया। अंत में आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग स्थित मंदिर पर शोभायात्रा का समापन हुआ। इस अवसर पर रविकांत शर्मा, देवेश पचौरी, गौरव पाठक, यश कटारा, आचार्य खगेंद्र शास्त्री, शैलेश शर्मा सहित भारी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page