
हाथरस 19 मार्च । शहर की यातायात व्यवस्था को स्मार्ट और सुदृढ़ बनाने की दिशा में हाथरस पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने थाना कोतवाली नगर अंतर्गत व्यस्ततम सासनी गेट चौराहे पर नवनिर्मित वातानुकूलित (AC) हाईटेक यातायात पुलिस बूथ का फीता काटकर भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा और क्षेत्राधिकारी नगर योगेन्द्र कृष्ण नारायण सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सासनी गेट चौराहा शहर का सबसे भीड़भाड़ वाला क्षेत्र है, जहाँ यातायात सुचारु रखना एक बड़ी चुनौती रहती है। इस अत्याधुनिक बूथ को पीए सिस्टम, वायरलेस स्पीकर, माइक और एसी जैसी सुविधाओं से लैस किया गया है। इससे न केवल ट्रैफिक कर्मियों को भीषण गर्मी और विपरीत मौसम में बेहतर कार्यस्थल मिलेगा, बल्कि लाउडस्पीकर के माध्यम से आमजन को ट्रैफिक संबंधी घोषणाएं और दिशा-निर्देश भी त्वरित रूप से दिए जा सकेंगे। यह हाईटेक बूथ शहर की स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट व्यवस्था का हिस्सा है, जिससे दुर्घटनाओं की रोकथाम और आपात स्थितियों में पुलिस की प्रतिक्रिया समय में सुधार होगा। उद्घाटन के दौरान प्रभारी निरीक्षक यातायात, महिला थाना प्रभारी और अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से शहर में यातायात अनुशासन बढ़ेगा और पुलिस की कार्यप्रणाली में आधुनिकता का समावेश होगा।






















