
हाथरस 19 मार्च । कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नियमों का कड़ाई से पालन कराने हेतु कड़े दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में संबंधित विभाग की जिम्मेदारी तय की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। समीक्षा के दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग और NHAI के अधिकारियों को चिह्नित ब्लैक स्पॉट्स पर साइनेज लगाने, हाई मास्क लाइट, बैरियर और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग को निर्देशित किया कि डग्गामार, ओवरलोड और मानक विहीन स्कूली वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। रोडवेज बसों के लिए यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि वे निर्धारित बस स्टैंड पर ही खड़ी हों और सवारियों को उतारने-चढ़ाने का कार्य मुख्य द्वार पर बाधा उत्पन्न किए बिना किया जाए। इसके अतिरिक्त, ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सुरक्षा की दृष्टि से रिफ्लेक्टिव टेप या पेंट लगवाने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने भी संबंधित अधिकारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया ताकि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एआरटीओ सहित संबंधित विभागों के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





















