सिकंदराराऊ (हसायन) 18 मार्च । विकासखंड क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में तैनात ग्राम रोजगार सेवकों ने पिछले कई माह से बकाया मानदेय और भविष्य निधि (ईपीएफ) का भुगतान न होने पर गहरा रोष व्यक्त किया है। बुधवार को बड़ी संख्या में एकत्रित हुए रोजगार सेवकों ने विकासखंड कार्यालय पहुँचकर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) अनुज मिश्रा को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा और जल्द समाधान न होने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी। ज्ञापन देते हुए रोजगार सेवकों ने बीडीओ को अवगत कराया कि वे लंबे समय से अपने बकाया मानदेय और पिछले कई वर्षों से लंबित ईपीएफ के भुगतान के लिए कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी कई बार मौखिक और लिखित रूप से शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद आज तक समस्या का निराकरण नहीं हो सका है। मानदेय न मिलने के कारण रोजगार सेवकों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। रोजगार सेवकों ने कड़ा रुख अपनाते हुए ज्ञापन में स्पष्ट किया है कि यदि गुरुवार, 19 मार्च तक उनके मानदेय और ईपीएफ का भुगतान सुनिश्चित नहीं किया जाता है, तो वे शुक्रवार, 20 मार्च से मनरेगा के समस्त कार्यों का पूर्ण बहिष्कार कर देंगे। इसके साथ ही समस्त रोजगार सेवक विकासखंड कार्यालय पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से अशोक कुमार सिंह यादव, धर्मवीर सिंह, जगवीर सिंह, विपिन कुमार, सत्येंद्र कुमार, योगेश कुमार, संतोष कुमार, राजकुमार सिंह, विनोद कुमार, सत्यप्रकाश, हरप्रसाद, प्रियंका देवी, ममता देवी, राहुल कुमार, कपिल कुमार सहित तमाम ग्राम पंचायत रोजगार सेवक मौजूद रहे।


























