Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 17 मार्च । क्षेत्र में मंगलवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। पल्हावत पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि दोनों सवारों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात प्रभावित हो गया। राया मार्ग पर पल्हावत पेट्रोल पंप के सामने मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे दो मोटरसाइकिलें तेज रफ्तार में आमने-सामने आ गईं और जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों बाइक काफी तेज गति में थीं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो चुके थे और कुछ ही पलों में उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान नंदू पुत्र सरन सिंह निवासी कजरौठी और नरेश पुत्र लोकमन निवासी ऊंचागांव के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही दोनों के परिजनों में कोहराम मच गया और वे रोते-बिलखते मौके की ओर दौड़ पड़े। हादसे की खबर क्षेत्र में तेजी से फैल गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर मौके पर जमा हो गए। युवकों की मौत से आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस टीम और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को पहले भीड़ को शांत कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी। इसके बाद किसी तरह जाम खुलवाया गया और यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मौके पर ही पंचनामा भरने की कार्रवाई की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। साथ ही हादसे में क्षतिग्रस्त हुई दोनों मोटरसाइकिलों को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page