
हाथरस 16 मार्च । थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के अंतर्गत जलेसर रोड पर गंगोली गांव के निकट सोमवार देर शाम दो ट्रैक्टरों में हुई जबरदस्त भिड़ंत में एक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने एक ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया। घटना से क्षेत्र में घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम जलेसर रोड से गुजर रहे दो ट्रैक्टरों की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक 45 वर्षीय कूका पुत्र प्रेमपाल, निवासी वीरनगर की मौके पर ही मौत हो गई। चालक की मौत की सूचना मिलते ही गांव और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने किया हंगामा, ट्रैक्टर में लगाई आग
हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम कर दी और कानून अपने हाथ में लेते हुए एक ट्रैक्टर को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते ट्रैक्टर धू-धू कर जलने लगा, जिससे मौके पर भगदड़ मच गई। घटनास्थल पर पहुंचे लोग आग बुझाने का प्रयास करते दिखे, लेकिन तब तक ट्रैक्टर काफी क्षतिग्रस्त हो चुका था।
पुलिस ने संभाली स्थिति
सूचना मिलते ही हाथरस जंक्शन पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस बल को देखकर उपद्रवी तितर-बितर हो गए। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और उपद्रव फैलाने वालों की पहचान की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस बल तैनात किया गया है।


























